आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया, अय्यर पर भारी जुर्माना

आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया, अय्यर पर भारी जुर्माना

आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार रात पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में 5 विकेट से मात देकर इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि, पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को इस जीत के बावजूद एक बड़ी समस्या झेलनी पड़ी।

आईपीएल आचार संहिता उल्लंघन के कारण अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ स्लो ओवर रेट बनाए रखने पर उन्हें चेतावनी मिली थी, और चेन्नई के खिलाफ उन्होने वही गलती दोहराई। इसके चलते आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने उनकी टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जुर्माने की सजा दी है। प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा।

मुकाबले का संक्षिप्त हाल:
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली। शिवम दुबे ने नाबाद 45 रन बनाए, जबकि सफराज खान ने 12 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया।

जवाब में पंजाब किंग्स की टीम ने टॉप ऑर्डर की धाकड़ बल्लेबाजी के दम पर 8 गेंद पहले लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाया। इसके अलावा प्रियांश आर्य (39) और प्रभसिमरन सिंह (43) ने तेज़ शुरुआत देकर टीम को मजबूती दी।

पंजाब की यह जीत उन्हें पॉइंट टेबल में मजबूती देने के साथ-साथ टीम को आत्मविश्वास भी देगी, लेकिन अय्यर पर भारी जुर्माना उनकी टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है।