रुद्रप्रयाग में नदी में डूबने से युवक की मौत, रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव

रुद्रप्रयाग में नदी में डूबने से युवक की मौत, रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद रुद्रप्रयाग के कोठली गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 31 मार्च की दोपहर करीब 2:15 बजे की है, जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सम्राट होटल के पास छोटी नदी में नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया।

घटना की सूचना पर SDRF, DDRF और जल पुलिस की टीमों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। सभी टीमों ने मिलकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और युवक की तलाश में जुट गईं।

काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। इसके बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मृतक की पहचान अशुल (उम्र 21 वर्ष) पुत्र विनोद जमलोकी, निवासी कोठड़ा (गुप्तकाशी) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

इधर, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और तालाबों के पास जाते समय विशेष सावधानी बरतें। खासतौर पर गहरे पानी में उतरने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।