
स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

अनाज मंडी स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नेता आशीष ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने गैस प्रबंधक बाबूराम का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया।


धरने के दौरान आशीष ठाकुर ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर आने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि एक गाड़ी में करीब 360 सिलेंडर आते हैं और चार-पांच दिनों में लगभग साढ़े आठ हजार सिलेंडर एजेंसी पर पहुंच चुके हैं।


उन्होंने बताया कि उपभोक्ता 16 और 17 मार्च की पर्ची लेकर गैस के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा। वहीं, होटल और अन्य व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है।


आशीष ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा होम डिलीवरी के निर्देश होने के बावजूद उपभोक्ताओं तक गैस नहीं पहुंच रही है। लोगों के मोबाइल पर डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं, लेकिन वास्तविकता में गैस घर तक नहीं पहुंचाई जा रही।
गैस एजेंसी के प्रबंधक बाबूराम ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि आज गैस सिलेंडर की दो गाड़ियां आने वाली हैं और समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि होम डिलीवरी के दौरान कई बार लोग डिलीवरी कर्मियों से जबरन सिलेंडर ले लेते हैं, जिसके कारण व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग भी की, ताकि डिलीवरी व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाया जा सके। इस मौके पर लीलाधर सैनी, कपिल अरोड़ा, रघुवीर सिंह, रमेश पाल, प्रदीप कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे और उन्होंने जल्द समाधान की मांग की।


