चमोली पुलिस ने लौटाया यात्रियों का खोया पर्स और मोबाइल

चमोली पुलिस ने लौटाया यात्रियों का खोया पर्स और मोबाइल

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

चमोली पुलिस के जवानों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर मिले पर्स और मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों तक सुरक्षित पहुंचाया। खोया सामान वापस मिलने पर दोनों लोगों ने पुलिस कर्मियों का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर से भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए आए रमेश चंद्र जुलानिया का पर्स बद्रीनाथ मंदिर परिसर में कहीं खो गया था।

बताया गया कि पर्स में चांदी की सामग्री के साथ कुछ नकदी भी रखी हुई थी। पर्स खोने के बाद श्रद्धालु ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिल सका।

इसी दौरान मंदिर परिसर में तैनात हेड कांस्टेबल दिवाकर सती और पीआरडी जवान जगमोहन को एक पर्स मिला। दोनों जवानों ने पर्स को सुरक्षित अपने पास रख लिया और उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की।

पुलिस कर्मियों ने आवश्यक जानकारी जुटाकर पर्स के स्वामी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद पर्स और उसमें मौजूद सामान को सुरक्षित रमेश चंद्र जुलानिया के सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं दूसरी घटना माँ नन्दा जात यात्रा से जुड़ी है। ग्राम पड़ेर गांव निवासी भवान सिंह यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन सीतेल रोड पर कहीं गिर गया।

ड्यूटी पर तैनात नन्दानगर थाने के हेड कांस्टेबल हरेन्द्र को सड़क पर मोबाइल फोन मिला। उन्होंने मोबाइल को सुरक्षित रखते हुए उसके वास्तविक स्वामी के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।

तलाश के बाद मोबाइल फोन भवान सिंह का होना पाया गया। पहचान सुनिश्चित होने पर हेड कांस्टेबल हरेन्द्र ने मोबाइल फोन उन्हें सुरक्षित वापस कर दिया।

अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर रमेश चंद्र जुलानिया और भवान सिंह ने चमोली पुलिस के जवानों की ईमानदारी, संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की। दोनों ने पुलिस कर्मियों का आभार जताते हुए उनके कार्य को अनुकरणीय बताया।