सीएम धामी के 51वें जन्मदिन पर बदरी-केदार में विशेष पूजा-अर्चना

सीएम धामी के 51वें जन्मदिन पर बदरी-केदार में विशेष पूजा-अर्चना

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

श्री बद्रीनाथ धाम में सुबह धर्माधिकारी की अगुवाई में वेदपाठी आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम से महाभिषेक पूजा संपन्न कराई। इस दौरान उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से दोनों धामों में मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बद्रीनाथ धाम में महाभिषेक जबकि केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक और भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक किया गया।

धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मुख्यमंत्री के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की गई। मंदिर परिसरों में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

बीकेटीसी के अनुसार बुधवार शाम श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ मंदिर परिसरों में मुख्यमंत्री के 51वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 51 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए गए।

उन्होंने कहा कि इन धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के साथ देश और प्रदेश की उन्नति, शांति, समृद्धि तथा खुशहाली के लिए भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार से प्रार्थना की गई।

ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सनातन परंपरा में जनकल्याण और राष्ट्रकल्याण की भावना सर्वोपरि रही है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बदरी-केदार धाम में विशेष पूजा-अर्चना और आशीर्वाद दीप कार्यक्रम आयोजित किए गए।