12 सूत्रीय मांगों को लेकर पाटी में मिनिस्ट्रियल कर्मियों की गेट मीटिंग

12 सूत्रीय मांगों को लेकर पाटी में मिनिस्ट्रियल कर्मियों की गेट मीटिंग

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को पाटी उपजिलाधिकारी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

गेट मीटिंग की अध्यक्षता फेडरेशन के जनपदीय अध्यक्ष विनोद कुमार ने की, जबकि संचालन जनपदीय सचिव जीवन चंद्र ओली ने किया। इससे पहले एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के जनपद सचिव हिमांशु मुरारी ने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत किया।

मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत मिनिस्ट्रियल कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं।

संगठन की प्रमुख मांगों में कनिष्ठ सहायक पद पर ग्रेड वेतन 2800 रुपये किए जाने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी पद से संबंधित मांगों के समाधान तथा उपनिदेशक प्रशासनिक पद के सृजन की मांग शामिल है।

वक्ताओं ने दावा किया कि संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों और शासन के बीच इन मांगों को लेकर कई दौर की वार्ता हो चुकी है। उनका कहना है कि वार्ता में सहमति बनने के बावजूद अभी तक संबंधित शासनादेश जारी नहीं किए गए हैं।

कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों की मांगों के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अब संगठन को अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर संगठन के आगामी कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।

संगठन ने जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत सभी मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों से 25 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।