काशीपुर में हरदीप सिंह हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

काशीपुर में हरदीप सिंह हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

हरदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने रुपयों के लेन-देन के विवाद में हत्या की साजिश रचने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को ग्राम गुलजारपुर निवासी रजविन्दर कौर ने कोतवाली काशीपुर में अपने बेटे हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरदीप सिंह को गोली मारने का आरोप संदीप सिंह उर्फ सोना पर है। पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे रुपयों के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर संदिग्धों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। इसके बाद मुख्य आरोपी के रूप में गौरा फार्म, थाना कुंडा निवासी 40 वर्षीय संदीप सिंह उर्फ सोना की पहचान की गई।

पुलिस ने संदीप सिंह के साथ उसकी 35 वर्षीय पत्नी संदीप कौर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने की साजिश में संदीप कौर की भी भूमिका सामने आई है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और एक कार बरामद की है। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली काशीपुर में पहले से दर्ज मुकदमे में जांच के आधार पर अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।