छह महीने से लापता किशोरी हरिद्वार से बरामद, युवक गिरफ्तार

छह महीने से लापता किशोरी हरिद्वार से बरामद, युवक गिरफ्तार

स्थान : जसपुर/उधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद ऊधम सिंह नगर के काशीपुर से करीब छह महीने से लापता 15 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार काशीपुर कोतवाली में एक अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री 30 मार्च को बिना बताए घर से चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।

किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों को तलाश में लगाया गया था।

पुलिस को 13 सितंबर को सूचना मिली कि किशोरी हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुरी में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने मौके से अभिषेक शर्मा निवासी शांतिनगर, रमपुरा, काशीपुर को भी हिरासत में लिया। पुलिस का आरोप है कि युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले गया था।

जांच के बाद मामले में बीएनएस की धारा 87, 137(2) और 65 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए सर्विलांस सहित दो टीमें लगाई गई थीं। मोबाइल लोकेशन और अन्य सूचनाओं के आधार पर किशोरी को हरिद्वार से बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।