चम्पावत स्थापना दिवस पर विकास की भावी दिशा पर मंथन

चम्पावत स्थापना दिवस पर विकास की भावी दिशा पर मंथन

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी आयोजित कर चम्पावत की विकास यात्रा, वर्तमान विकास कार्यों, उपलब्धियों, संभावनाओं और जन आकांक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, पत्रकारों, भूतपूर्व सैनिकों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, चम्पावत संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान केक काटकर जनपद की 29वीं वर्षगांठ मनाई गई और चम्पावत की प्रगति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 सितंबर 1997 को अस्तित्व में आए चम्पावत ने विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनपद के सुनियोजित और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, आधारभूत संरचना, आजीविका और जनसुविधाओं के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में स्थानीय जरूरतों और लोगों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद में लिगेसी वेस्ट निस्तारण, पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र, ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट और दूरस्थ क्षेत्र खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने जैसी पहल की गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित किए जाने की भी जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी के अनुसार छमनियां लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में साइंस सेंटर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से जनपद के भविष्य के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रयास है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में जनपद में अनेक विकास योजनाएं आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ आने वाले समय में जनपदवासियों को मिलने की उम्मीद है।

दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, खेल और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्य चम्पावत के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। गोष्ठी में वक्ताओं ने जनभागीदारी को चम्पावत के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए स्थानीय संसाधनों, पर्यटन, कृषि तथा युवाओं और महिलाओं की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर विकास कार्य आगे बढ़ाने पर जोर दिया।