समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर पूर्व सैनिकों ने उठाई आवाज

समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर पूर्व सैनिकों ने उठाई आवाज

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

डाकपत्थर स्थित मनोरंजन सदन द्वितीय में पूर्व सैनिक संगठन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रघुनाथ सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूर्व सैनिकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने उपनल के माध्यम से उत्तराखंड जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों और वाहन चालकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे लंबे समय से निगम में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें समान कार्य के बदले समान वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने शासन से इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व सैनिकों की यह मांग अब केवल उनका मुद्दा नहीं है, बल्कि जन संघर्ष मोर्चा भी इसे प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा पूर्व सैनिकों के अधिकारों के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।

नेगी ने कहा कि समान कार्य-समान वेतन की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने शासन से पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों और वाहन चालकों की मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि शासन स्तर पर मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने लंबे समय तक देश की सेवा की है और सेवानिवृत्ति के बाद भी विभिन्न विभागों और संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनके हितों और अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महामंत्री मुन्ना सिंह तोमर, शीशपाल तोमर, सुभाष कुमार, राजेश भारद्वाज, राकेश गुलेरिया, हाजी असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, शशिकांत जसोला, दरवान सिंह नेगी, धर्मपाल सिंह, सत्य प्रकाश जोशी, सुनील कुमार, किशन चौहान सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संगठन के सदस्य मौजूद रहे।