
स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रोशनाबाद आरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ किया।


इस वर्ष यात्रा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए नारसन, रोशनाबाद और ऋषिकेश में पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से औपचारिक रूप से शुरू होगी, जिसके लिए तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।


ग्रीन कार्ड के लिए शुल्क भी निर्धारित कर दिया गया है। छोटे वाहनों के लिए 450 रुपये और बड़े वाहनों के लिए 650 रुपये शुल्क तय किया गया है। पिछले वर्ष करीब 7500 से अधिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए गए थे, जिससे व्यवस्था को काफी लाभ मिला था।


परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रा पर आने वाले सभी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया जा रहा है। इससे यात्रियों को रास्ते में बार-बार चेकिंग से नहीं गुजरना पड़ेगा और उनकी यात्रा अधिक सुगम होगी।

उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर ही वाहनों के टायर, इंश्योरेंस, परमिट और अन्य दस्तावेजों की जांच कर ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। इसके बाद पूरी यात्रा के दौरान वाहन को किसी प्रकार की अतिरिक्त जांच का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अपर सचिव सनत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस प्रक्रिया को काफी हद तक ऑनलाइन कर दिया गया है। वाहन स्वामी घर बैठे ही फीस जमा कर सकते हैं और दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं, जबकि वाहन का निरीक्षण यात्रा के दौरान बॉर्डर पर किया जाएगा।


