

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा की पहल पर करीब 100 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से क्षेत्र की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी, जिससे अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को बड़ी सहायता मिलेगी।


नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, लगाए गए सीसीटीवी कैमरे शिवालिक नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और महत्वपूर्ण स्थानों को कवर करेंगे। इनकी विशेषता यह है कि इनकी निगरानी का दायरा सिडकुल, रानीपुर और ज्वालापुर थाना क्षेत्रों तक भी रहेगा, जिससे पुलिस को विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने में मदद मिलेगी।



इस पहल को लेकर हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि आधुनिक सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण और घटनाओं के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराधियों की पहचान तथा उनकी गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा।

एसएसपी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसी भी घटना की स्थिति में फुटेज जांच का महत्वपूर्ण आधार बनेगी, जिससे मामलों के शीघ्र निस्तारण में सहायता मिलेगी।
उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और पुलिस के बीच इस प्रकार का समन्वय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।


स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका मानना है कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था से अपराधों पर अंकुश लगेगा, नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अधिक प्रभावी सहयोग मिलेगा।



