
स्थान : चम्पावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर टी-गार्डन, सिलिंगटाक में “सेवा संकल्प अभियान—स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत” के तहत बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सामूहिक श्रमदान किया।

अभियान के दौरान टी-गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। एकत्रित कूड़े का उचित निस्तारण करते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।



जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का जन्मदिवस सेवा, स्वच्छता और जनसहभागिता के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।


जिलाधिकारी ने कहा कि अपने घर, आस पास के क्षेत्र, सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत में शामिल करने की अपील की।


उन्होंने कहा कि चम्पावत प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं वाला जनपद है। ऐसे में पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी का दायित्व है। प्रशासन के प्रयासों को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।

दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर सेवा और स्वच्छता का संकल्प लेना समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान को लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर चम्पावत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने और अपने आसपास नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की।
अभियान के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखकर नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत” के संदेश के साथ स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ चम्पावत के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया गया।

