टॉम ऑल्टर की स्मृति में 29 नवंबर को होगी अल्ट्रा मैराथन

टॉम ऑल्टर की स्मृति में 29 नवंबर को होगी अल्ट्रा मैराथन

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता टॉम ऑल्टर की स्मृति में 29 नवंबर को मसूरी में अल्ट्रा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगर पालिका सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने मैराथन के लिए तैयार की गई पोशाक का अनावरण किया।

आयोजकों के अनुसार अल्ट्रा मैराथन का मुख्य उद्देश्य मसूरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से धावकों के शामिल होने की उम्मीद है।

अल्ट्रा मैराथन के आयोजक संदीप साहनी ने बताया कि अब तक 300 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें अधिकांश प्रतिभागी मसूरी से बाहर के हैं। अब स्थानीय लोगों के लिए भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

संदीप साहनी ने बताया कि टॉम ऑल्टर की स्मृति में लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के पीछे टॉम ऑल्टर की सोच और मसूरी से उनके गहरे जुड़ाव की प्रेरणा है।

उन्होंने बताया कि इस बार मुख्य अल्ट्रा मैराथन 50 किलोमीटर की होगी। इसके साथ ही अलग-अलग आयु और क्षमता वाले प्रतिभागियों के लिए 5, 10, 20 और 40 किलोमीटर की दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 600 से 700 धावक हिस्सा लेंगे। आयोजन में नगर पालिका के साथ मसूरी खेल संघ का भी सहयोग लिया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता को व्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि पिंकू स्पोर्ट्स और ब्रेंटवुड होटल के सहयोग से अल्ट्रा मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इसे मसूरी के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर में खेल गतिविधियों और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से आयोजन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उम्मीद है कि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाएंगे और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे।

टॉम ऑल्टर का मसूरी से गहरा लगाव रहा था और वह लंबे समय तक यहां से जुड़े रहे। उनकी स्मृति और प्रेरणा को जीवंत रखने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली यह अल्ट्रा मैराथन अब मसूरी के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी पहचान बना रही है।