चम्पावत ने फिर रचा कीर्तिमान, बीस सूत्रीय कार्यक्रम में प्रदेश में नंबर-1

चम्पावत ने फिर रचा कीर्तिमान, बीस सूत्रीय कार्यक्रम में प्रदेश में नंबर-1

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के चम्पावत जनपद ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई है, जो जिले की कार्यशैली और समन्वय को दर्शाती है।

दिसंबर माह की रैंकिंग में भी चम्पावत ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। खास बात यह रही कि जुलाई से फरवरी तक लगातार आठ महीनों तक जनपद पहले स्थान पर बना रहा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण भी है।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 40 रैंकिंग मदों में से 39 में ‘A’ श्रेणी और 1 में ‘B’ श्रेणी प्राप्त हुई है। किसी भी मद में ‘C’ या ‘D’ श्रेणी नहीं आई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गुणवत्ता और प्रभावशीलता के साथ किया गया।

कुल 123 अंकों में से 122 अंक प्राप्त कर चम्पावत ने 99.19 प्रतिशत का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं बागेश्वर ने 97.44 प्रतिशत के साथ दूसरा और पिथौरागढ़ ने 95.73 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले का लक्ष्य केवल रैंकिंग में शीर्ष पर बने रहना नहीं, बल्कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।