
स्थान : भीमताल
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के शहरी विकास और जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र भीमताल पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


अमृतपुर, भीमताल मार्केट, खुटानी, चाफी, मटियाल, पदमपुरी और धारी जैसे विभिन्न स्थानों पर उनके स्वागत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत कर अपनी खुशी जाहिर की।


इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वह राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।


उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अपनी जीत के लिए भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके समर्थन से उन्हें दोबारा विधानसभा पहुंचने और मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर मिला।

कैड़ा ने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम प्राथमिकता से किया जाएगा।

अपने संबोधन में उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए वह निरंतर कार्य करते रहेंगे।


