
स्थान : बाज़पुर
ब्यरो रिपोर्ट

चकरपुर क्षेत्र में मिट्टी उठाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। शिकायत पत्र सामने आने के बाद पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।


बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जेसीबी की मदद से ट्रॉली में मिट्टी भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई थी। हालांकि कुछ समय बाद बिना किसी ठोस कार्रवाई के जेसीबी को छोड़ दिया गया।


पुलिस का कहना था कि मिट्टी उठाने वाले पक्ष के पास इसकी अनुमति है, जिसके चलते मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया। इस निर्णय को लेकर शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।


इसी को लेकर शिकायतकर्ता ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने अमृता शर्मा से मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक कार्यदायी संस्था द्वारा पुल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान निकाली गई मिट्टी को पास के खेत में डाला गया था, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग रात के अंधेरे का फायदा उठाकर इस मिट्टी को जेसीबी से ट्रॉली में भरकर ले जा रहे थे।

अब इस पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


