उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी के आसार

स्थान :देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश में यह बदला हुआ मौसम 31 मार्च तक बना रह सकता है। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा पर्वतीय इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उन्होंने यह भी बताया कि 29, 30 और 31 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सतर्क रहने को कहा गया है। खराब मौसम के चलते मार्गों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।