रुड़की में हज यात्रियों के लिए मेडिकल जांच व वैक्सीनेशन शिविर आयोजित

रुड़की में हज यात्रियों के लिए मेडिकल जांच व वैक्सीनेशन शिविर आयोजित

स्थान :रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की में हज यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिविल अस्पताल में उत्तराखंड हज कमेटी की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हज यात्रियों ने भाग लिया।

शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने जायरीनों को वैक्सीनेशन ड्रॉप पिलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की और यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

शिविर में शामिल सभी यात्रियों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। मेडिकल जांच के बाद पात्र यात्रियों को ‘ग्रीन कार्ड’ जारी किया जाएगा, जिससे उनकी आगे की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सकेगी।

इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

वहीं उत्तराखंड हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी खतीब अहमद ने बताया कि कमेटी यात्रियों की हर जरूरत का ध्यान रख रही है और उनकी यात्रा को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

शिविर में हज यात्रियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ नजर आई। प्रशासन और हज कमेटी की इस पहल से जायरीनों को बड़ी राहत मिली है और उन्होंने इस आयोजन की सराहना की।