
ब्यरो रिपोर्ट

मिडिल ईस्ट में तनाव और बुधवार की तेजी के बाद गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर शाम 5 बजे ट्रेडिंग शुरू होते ही सोना 2.10% यानी करीब 3,064 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। वहीं, चांदी में 5.25% यानी 12,333 रुपए प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट आई।


एमसीएक्स पर अप्रैल 2026 डिलिवरी वाला सोना 1,39,800 रुपए के स्तर पर ओपन हुआ और पल भर में 1,41,033 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करने लगा। इसी तरह मई 2026 डिलिवरी वाली चांदी 2,21,714 रुपए के स्तर पर ओपन हुई और 2,22,501 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड हुई।

शहरवार रेट्स के अनुसार:

- नई दिल्ली: सोना (24K) ₹141,070, चांदी ₹220,510 प्रति किलोग्राम
- मुंबई: सोना (24K) ₹141,310, चांदी ₹220,890
- लखनऊ/कानपुर: सोना ₹141,380, चांदी ₹220,940

विशेषज्ञों के अनुसार सोने-चांदी में और गिरावट संभव है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि मजबूत डॉलर इंडेक्स, बढ़ती महंगाई दर (2.4% से ऊपर) और ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी के कारण बाजार में दबाव बना रहेगा। सोना जब तक 5,100 डॉलर के पार मजबूती से नहीं निकलता, अगले 4-5 महीनों तक दबाव और कमजोरी बनी रह सकती है।

निवेश के लिए बेहतर विकल्प सोना है। अजय केडिया के अनुसार, ‘गोल्ड-सिल्वर रेशियो’ अब 62 के करीब है और 75 तक जाने की संभावना है, यानी सोना चांदी के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगा। चांदी अपने ऊपरी स्तरों से 50% से ज्यादा गिर चुकी है, जबकि सोने में केवल 26% की गिरावट हुई है।

सोने को दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों की भारी खरीदारी और सुरक्षित निवेश (सेफ हैवन) का समर्थन मिल रहा है। निवेशकों को सलाह दी गई है कि एकमुश्त बड़ा पैसा लगाने के बजाय, छोटे-छोटे हिस्सों में (SIP की तरह) निवेश करना सुरक्षित और बेहतर रहेगा।


