राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में धूमधाम से वार्षिकोत्सव

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में धूमधाम से वार्षिकोत्सव

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर – संजय जोशी

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रमोद नैनवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी सभी गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों और जन प्रतिनिधियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “आरोहण” का भी विमोचन मुख्य अतिथि के हाथों सभी उपस्थित लोगों की मौजूदगी में किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेश कुमार त्रिपाठी ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष परिषदीय परीक्षा में हाई स्कूल स्तर का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इस अवसर पर छात्रा कुमारी सिया को सर्वाधिक अंक लाने पर सम्मानित किया गया।

विद्यालय ने इस वर्ष कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए संगीत कक्षाएं शुरू की हैं। इसके अलावा, पुस्तकों के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ाने के लिए पुस्तकालय कक्ष का शुभारंभ भी किया गया। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि विद्यालय की भूमि अब पंजीकृत कर ली गई है।

सामुदायिक सहभागिता से आयोजित शैक्षिक भ्रमण और करियर मार्गदर्शन सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के चयन में सहायता दी गई। विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में भी उपलब्धियां हासिल की हैं। विशेष रूप से छात्र यश पांडे को राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित होने पर ₹10,000 का चेक प्रदान किया गया।

विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष प्रभा कुंवरवी और ऋतु आर्य ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, पत्रिका प्रकाशन और प्रथम बार वार्षिकोत्सव आयोजित करने पर प्रधानाचार्य नरेश कुमार त्रिपाठी सहित पूरे विद्यालय की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन श्री शंभू गिरी गोस्वामी तथा छात्राएं कुमारी योग्यता और आकांक्षा कुबार्बी ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद शंकर दत्त बुधोदी ने की। समारोह में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सभासद, ग्राम प्रधान, विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन ने विद्यालय में शिक्षा, संस्कृति और छात्र उपलब्धियों का उत्सव मनाया।