हल्द्वानी: होटल में पूर्व फौजी के बेटे की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी

हल्द्वानी: होटल में पूर्व फौजी के बेटे की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होटल में ठहरे पूर्व फौजी के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

यह मामला बनभूलपुरा क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक होटल में ठहरे व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय संतोष सिंह सम्मल के रूप में हुई है, जो भीमताल क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह एक पूर्व सैनिक के बेटे थे और खेतीबाड़ी का काम करते थे।

जानकारी के मुताबिक संतोष सिंह कुछ दिन पहले अजमेर घूमने गए थे और मंगलवार देर रात हल्द्वानी लौटे थे। देर रात होने के कारण उन्होंने बनभूलपुरा स्थित एक होटल में कमरा लिया था।

होटल में ठहरने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने अस्पताल में जांच के बाद संतोष सिंह को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतक अपने पीछे तीन बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।