कैबिनेट विस्तार पर सियासत तेज, हरक सिंह रावत का बीजेपी पर तंज

कैबिनेट विस्तार पर सियासत तेज, हरक सिंह रावत का बीजेपी पर तंज

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

बीते सप्ताह धामी सरकार ने विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कैबिनेट का विस्तार करते हुए पांच नए मंत्रियों को शामिल किया। विभागों के बंटवारे के बाद सभी नए मंत्री अब अपना कार्यभार संभाल चुके हैं।

सरकार का दावा है कि कैबिनेट विस्तार से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा सकेगा। वहीं, नए मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपने के बाद सरकार ने कामकाज में तेजी लाने के संकेत दिए हैं।

हालांकि, कैबिनेट विस्तार के साथ ही प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में अधिकांश नेता पूर्व कांग्रेसी हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लगभग 90 प्रतिशत मंत्री पहले कांग्रेस से जुड़े रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एक-दो मंत्रियों को छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी मंत्री कांग्रेस पृष्ठभूमि से हैं और वही सरकार चला रहे हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।

वहीं, भाजपा की ओर से इन आरोपों का जवाब देने की तैयारी की जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है।