चारधाम यात्रा की तैयारियों पर सियासत तेज, सरकार-विपक्ष आमने-सामने

चारधाम यात्रा की तैयारियों पर सियासत तेज, सरकार-विपक्ष आमने-सामने

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सरल और सुलभ दर्शन कराना है, जिसके लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

सरकार का दावा है कि इस बार चारधाम यात्रा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर भी सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, इन तैयारियों को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं और जमीनी स्तर पर स्थिति संतोषजनक नहीं है।

प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर तैयारियां नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन व्यवस्था और सड़क मार्गों की स्थिति को लेकर चिंता जताई।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अब तक कई प्रमुख मार्गों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया है। साथ ही, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठहरने, खाने और चिकित्सा सुविधाओं के लिए हर वर्ष परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विपक्ष ने सरकार से अपील की है कि केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर काम किया जाए, ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।