
स्थान : खटीमा ( ऊधम सिंह नगर)
ब्यरो रिपोर्ट

खटीमा क्षेत्र में चकरपुर और जागबुड़ा पुल के बीच बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक कार के अंदर तक जा घुसी।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा और भी भयावह हो गया। टक्कर के तुरंत बाद दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


मृतकों की पहचान नावेद खान और नमन के रूप में हुई है, जो खटीमा के वार्ड नंबर 13 के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।


