अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे जयकारे

अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे जयकारे

स्थान : रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

देशभर में अष्टमी का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के इस विशेष दिन मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में रुड़की से आस्था की भव्य तस्वीर सामने आई है, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

रुड़की के दुर्गा चौक स्थित मां दुर्गा मंदिर में अष्टमी के अवसर पर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती चली गई और मंदिर परिसर पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया।

मां दुर्गा के दर्शन के लिए महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सभी कतारों में धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भक्तों के चेहरों पर आस्था और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

मंदिर परिसर में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। चारों ओर “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे, वहीं भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु फूल, नारियल और प्रसाद चढ़ाकर माता रानी से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार अष्टमी का दिन मां दुर्गा की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर मां अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। यही कारण है कि इस पावन अवसर पर हर भक्त मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर अपनी खुशियों और समृद्धि की कामना करता नजर आया।