
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां परिस्थितियों से परेशान होकर एक 48 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।


घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है, जब महिला ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार, मृतक महिला पहले से ही पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं से जूझ रही थी। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले महिला के पति, जो प्रॉपर्टी का काम करते थे, ने भी इसी तरह आत्महत्या कर ली थी।
पति की मौत के बाद महिला पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी दबाव में थी। आसपास के लोगों का कहना है कि महिला अक्सर चिंतित और परेशान नजर आती थी।


मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने अपनी परेशानियों का जिक्र करते हुए लिखा है कि “ऐसी जिंदगी से मौत ही अच्छी है, क्योंकि अगर मैं जिंदा रही तो पागल हो जाऊंगी और मैं पागलपन में जीना नहीं चाहती।”

महिला ने अपने नोट में यह भी लिखा है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि वह यह कदम उठाने को मजबूर हो गई है और अपनी मौत की जिम्मेदारी खुद ले रही है। इस सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

महिला अपने पीछे एक पुत्र को छोड़ गई है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके के लोग भी गहरे दुख में हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

