लोहाघाट में ‘अर्जियां: द जस्टिस ऑफ गोलजू’ की शूटिंग शुरू

लोहाघाट में ‘अर्जियां: द जस्टिस ऑफ गोलजू’ की शूटिंग शुरू

स्थान : लोहाघाट( चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में इन दिनों फिल्म ‘अर्जियां: द जस्टिस ऑफ गोलजू’ की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है। बुधवार को लोहाघाट की प्रसिद्ध कोली ढेक झील किनारे फिल्म की शूटिंग का शुभारंभ किया गया, जहां लोहाघाट नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने क्लैप देकर शूटिंग की शुरुआत की।

इस अवसर पर गोविंद वर्मा ने कहा कि लोहाघाट और उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि यहां फिल्म की शूटिंग हो रही है। उन्होंने बताया कि मुंबई से आए बॉलीवुड कलाकार और तकनीकी टीम इस क्षेत्र की खूबसूरती को फिल्म के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि चंपावत जिले और लोहाघाट की प्राकृतिक सुंदरता बेहद आकर्षक है और यहां की लोकेशन फिल्मांकन के लिए काफी उपयुक्त हैं। साथ ही, लगातार फिल्म शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

फिल्म के नायक सुमित मलिक, जो स्विट्जरलैंड से आए हैं, ने कहा कि यहां की लोकेशन बेहद सुंदर हैं और उन्हें यहां स्विट्जरलैंड जैसा अनुभव हो रहा है। वहीं फिल्म की नायिका शिवानी ने अपने किरदार को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि वह इसे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास कर रही हैं।

फिल्म के डीओपी त्रिलोकी चौधरी ने बताया कि अन्य स्थानों पर जहां कृत्रिम सेट बनाने पड़ते हैं, वहीं लोहाघाट की प्राकृतिक लोकेशन पर काम करने का अनुभव अलग ही है। उन्होंने कहा कि यहां की वादियां फिल्मांकन के लिए बेहद खास हैं।

फिल्म के निर्देशक राकेश मधुसूदन ने बताया कि यह फिल्म कुमाऊं के न्याय के देवता गोलजू पर आधारित एक धार्मिक फिल्म है, जिसकी शूटिंग चंपावत जिले की खूबसूरत वादियों में की जा रही है। फिल्म मलिक एंड मलिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही है। निर्माता राजवीर मलिक और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर कौशलेंद्र मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया। शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक भी मौजूद रहे।