
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

लोहाघाट के हथरंगिया क्षेत्र में रसोई गैस वितरण को लेकर हुई अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने गंभीरता से संज्ञान लिया। प्रशासन ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए और आज बुधवार को वितरण पूरी तरह से व्यवस्थित ढंग से किया गया।


जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक चंद्रकला चतुर्वेदी के नेतृत्व में हथरंगिया क्षेत्र में रसोई गैस का वितरण किया गया। इस व्यवस्था के तहत सभी उपभोक्ताओं को समय पर और आसानी से रसोई गैस उपलब्ध कराई गई। लोगों ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है।


उपभोक्ताओं ने बताया कि आज रसोई गैस का वितरण पूरी तरह से सुव्यवस्थित तरीके से किया गया और गैस एजेंसी ने 950 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए। उन्होंने सोशल मीडिया में फैल रही कालाबाजारी की झूठी खबरों को निराधार बताया और कहा कि किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं हुई है।


पूर्ति निरीक्षक चंद्रकला चतुर्वेदी ने बताया कि कल जिन उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाई थी, उन्हें आज गैस उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि अब वितरण रोस्टर के हिसाब से डिलीवरी प्वाइंट पर सुचारू रूप से हो रहा है और उपभोक्ताओं को अपने ही क्षेत्र से गैस लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डबल सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को रसोई गैस 35 दिन के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन टीमों के द्वारा छापेमारी की जा रही है।

अंत में उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में हथरंगिया क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति नियमित और व्यवस्थित बनी रहेगी


