रामनगर में गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का हंगामा, एजेंसी प्रबंधक का घेराव

रामनगर में गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का हंगामा, एजेंसी प्रबंधक का घेराव

लोकेशन-: रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट

रामनगर में उपभोक्ताओं को लगातार रसोई गैस की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डीएसी कोड मिलने के बावजूद महीनों तक सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

रविवार को कई उपभोक्ताओं ने इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य का घेराव किया।

इस दौरान उपभोक्ताओं और गैस प्रबंधक के बीच तीखी झड़प भी हुई। उपभोक्ताओं ने कहा कि 1 महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके इलाके में गैस की गाड़ी आती है, लेकिन वितरण कर रहे कर्मचारी सिलेंडर नहीं दे रहे हैं। कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को गोदाम से भी लौटाया जा रहा है।

मुस्लिम समाज की महिलाओं ने बताया कि कल ईद के पर्व के दिन सिलेंडर न होने के कारण उन्हें अपने त्यौहार के खाने को लकड़ी के चूल्हे पर बनाना पड़ा।

एक वृद्ध उपभोक्ता ने कहा कि पिछले करीब 6 दिन से वह सिलेंडर के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन निराश होकर घर लौटना पड़ा। कई लोग अब होटल से खाना लाकर अपने बच्चों को खिला रहे हैं।

उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालकों और गैस वितरण कर्मचारियों पर सिलेंडर 1700 से 1800 रुपये तक ब्लैक में बेचने के भी आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय पर गैस उपलब्ध नहीं हुई, तो वे एजेंसी में ताला लगाने के लिए मजबूर होंगे।

इस पर गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य ने कहा कि नगर के सभी इलाकों में रोस्टर के माध्यम से सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की और कहा कि ब्लैक बिक्री की शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।