नकली ज्वैलरी पर असली मुहर लगाकर ठगी, दो आरोपी मशीन समेत गिरफ्तार

नकली ज्वैलरी पर असली मुहर लगाकर ठगी, दो आरोपी मशीन समेत गिरफ्तार

स्थान : चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

चमोली जनपद में नकली ज्वैलरी पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चमोली पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हॉलमार्क लगाने की मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

यह मामला तब सामने आया जब ज्योतिर्मठ निवासी लवली रावत ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने सोने के आभूषण एक ज्वैलर्स के पास गिरवी रखे थे, लेकिन वापस मिलने पर वे नकली निकले।

शिकायत के अनुसार, आरोपी बंटी कुमार ने असली सोने के आभूषणों के बदले नकली आभूषण तैयार कर उन पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर वादिनी को वापस कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी बंटी कुमार ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए एक और आरोपी का नाम उजागर किया, जो फर्जी हॉलमार्क लगाने का काम करता था।

इसके बाद पुलिस ने कर्णप्रयाग से पंकज कुमार प्रभु को गिरफ्तार किया, जिसके पास से बिना लाइसेंस की हॉलमार्क मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम 2016 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। साथ ही हॉलमार्किंग केंद्रों का सत्यापन कर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।