
स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में देर रात जंगली हाथी की दस्तक से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोग डर के कारण देर रात तक अपने घरों में दुबके रहने को मजबूर रहे।


यह घटना जगजीतपुर क्षेत्र की है, जहां फुटबॉल मैदान के पास स्थित खेत में हाथी घुस आया।

हाथी ने खेत में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।

बताया जा रहा है कि हाथी खेत के किनारे लगे करंट के तारों को तोड़कर अंदर घुसा, जिससे ग्रामीणों में और अधिक भय का माहौल बन गया।
घटना के बाद आसपास के लोग पूरी रात सतर्क रहे और घरों से बाहर निकलने से बचते रहे, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कनखल क्षेत्र में आए दिन हाथियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे लगातार डर का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

