
लोकेशन – रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की में सड़क हादसे के बाद एक एनएसजी कमांडो जवान की मौत से अस्पताल परिसर में जबरदस्त हंगामा हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।


घटना देहरादून हाईवे की बताई जा रही है, जहां एक रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार धन प्रकाश (33) गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि धन प्रकाश बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे और दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। हादसे के बाद उन्होंने खुद ही परिजनों को सूचना दी।


घायल अवस्था में उन्हें रुड़की के जगन्नाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।

परिजनों का कहना है कि जवान के कूल्हे में फ्रैक्चर था, लेकिन डॉक्टरों द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी हालत और बिगड़ गई, जिससे उनकी जान चली गई।

इस आरोप को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की सूचना मिलते ही मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

