देहरादून: शिखर फॉल पैदल मार्ग पर वाहन खाई में गिरा, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया

देहरादून: शिखर फॉल पैदल मार्ग पर वाहन खाई में गिरा, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि थाना राजपुर के शिखर फॉल पैदल मार्ग के पास एक वाहन खाई में गिर गया है। इस घटना के लिए तुरंत एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता जताई गई।

सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान खाई में गिरे एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दोनों को हल्की चोटें आई थीं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान भार्गव शर्मा और दिशा रावल के रूप में हुई।

रेस्क्यू के दौरान जानकारी मिली कि वाहन में एक अन्य युवक भी सवार था। गहन सर्चिंग के बाद पाया गया कि युवक वाहन और चट्टान के बीच फंसा हुआ है और वाहन खाई में अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थिति में लटका हुआ है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्रेन की व्यवस्था शुरू कर दी है। एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर युवक को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शिखर फॉल पैदल मार्ग पर इस समय किसी भी प्रकार के वाहन या भीड़भाड़ से बचें, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई बाधा न आए।