उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक ले जाने का संकल्प: पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक ले जाने का संकल्प: पुष्कर सिंह धामी

स्थान देहरादून
ब्योरों रिपोट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास और जनसेवा को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के अनुभव को प्रदेश के लिए उपयोगी बताते हुए भरोसा जताया कि उनके दीर्घकालिक राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का लाभ आम जनता तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि राज्य के विकास में “मातृशक्ति” की भागीदारी निर्णायक साबित होगी।

धामी ने यह भी दोहराया कि प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त किया गया “यह दशक उत्तराखंड का होगा” का विजन सरकार के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और हर नागरिक को समान अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने आगामी एक वर्ष को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा करेगी। इसके साथ ही नवाचार से जुड़े नए कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की अवधारणा को मजबूत करते हुए हर घर तक पहुंचने और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी मंत्रिपरिषद टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता के प्रति समर्पित रहेगी और उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।