
स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

राजपुर से विधायक और हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने खजान दास ने अपने नए दायित्व को एक बड़ी चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।


मंत्री खजान दास ने स्पष्ट किया कि 27 तारीख को होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनकी प्राथमिकता प्रदेश के हित में बेहतर कार्य करना होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।

उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे और सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।


खजान दास ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन वर्गों के सशक्तिकरण से ही प्रदेश का समग्र विकास संभव है।
मंत्री ने यह भी बताया कि उन्हें पहले भी मंत्री पद का अनुभव मिल चुका है, जिससे वे अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग बेहतर प्रशासन के लिए करेंगे।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने कार्यकाल में पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि रखेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता होगी।

खजान दास ने कहा कि वे ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेंगे जिससे प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचे और हर निर्णय जनता के हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

अंत में उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे उनके विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करेंगे।

