
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर धर्मनगरी हरिद्वार में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर की पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड और आसपास के गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा।

शाम ढलते ही हर की पौड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु देव दीपावली के इस दिव्य आयोजन में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंचे और मां गंगा की आराधना में लीन नजर आए।




ब्रह्मकुंड और आसपास के घाटों पर दीपों की कतारों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। गंगा तट पर सजे दीपों की स्वर्णिम आभा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद करते दिखे।


देव दीपावली के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धालुओं ने गंगा मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।


हर की पौड़ी पर गूंजते मंत्रोच्चार, घंटियों की ध्वनि और दीपों की जगमगाहट ने आयोजन की भव्यता को और भी बढ़ा दिया। पूरा गंगा घाट क्षेत्र भक्ति रस में डूबा नजर आया और श्रद्धालुओं के चेहरों पर विशेष उत्साह साफ झलकता रहा।
देव दीपावली में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि हरिद्वार आकर मां गंगा की पूजा-अर्चना करना उनके लिए अत्यंत सुखद और पवित्र अनुभव है। उनका कहना था कि दीप जलाकर मां गंगा की आराधना करने से मन को शांति मिलती है।




श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि हरिद्वार की देव दीपावली केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुभूति का विशेष पर्व है। यहां की भव्यता, आस्था और वातावरण उन्हें हर बार अपनी ओर आकर्षित करता है।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार में हर वर्ष देव दीपावली का विशेष महत्व रहता है। इस पर्व पर गंगा घाटों पर दीपदान और पूजा-अर्चना का धार्मिक महत्व माना जाता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
देव दीपावली के अवसर पर हर की पौड़ी पर उमड़ी श्रद्धा और दीपों की जगमगाहट ने एक बार फिर हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को जीवंत कर दिया। मां गंगा की आराधना के साथ संपन्न हो रहा यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, शांति और दिव्यता का अनुपम संगम बन गया।

