
स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

विधानसभा चुनाव से पहले आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट का विस्तार कर दिया गया। लंबे समय से खाली पड़ी मंत्रियों की कुर्सियों पर भाजपा विधायकों की ताजपोशी की गई।


शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने भाजपा विधायक खजान दास, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक और भरत चौधरी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नए कैबिनेट विस्तार में देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन द्वारा किया गया।

दरअसल, धामी सरकार में लंबे समय से कैबिनेट की पांच कुर्सियां खाली थीं। मार्च 2022 में सरकार गठन के समय रणनीति के तहत तीन पद खाली रखे गए थे, जबकि बाद में चंदन रामदास के निधन और प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद यह संख्या बढ़कर पांच हो गई थी।
कैबिनेट विस्तार के जरिए सरकार ने क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। जिन जिलों को अब तक प्रतिनिधित्व नहीं मिला था, उन्हें शामिल कर भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने का संकेत दिया है।

इससे पहले कैबिनेट में सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य और सौरभ बहुगुणा शामिल थे। नए मंत्रियों के जुड़ने के बाद अब कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

कैबिनेट विस्तार के बाद पार्टी के भीतर चल रही अटकलों और अफवाहों पर भी विराम लगता नजर आ रहा है। लंबे समय से विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिस पर मुख्यमंत्री धामी हल्के अंदाज में प्रतिक्रिया देते रहे थे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में यह विस्तार 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा है। तमाम अंतर्विरोधों के बावजूद इसे धामी सरकार की रणनीतिक जीत माना जा रहा है।

