प्रीमियम पेट्रोल महंगा, कीमतों में ₹2 से ज्यादा की बढ़ोतरी

प्रीमियम पेट्रोल महंगा, कीमतों में ₹2 से ज्यादा की बढ़ोतरी

ब्यरो रिपोर्ट

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में ₹2.09 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 20 मार्च 2026 से लागू हो गई हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹103.92 प्रति लीटर हो गई है। वहीं महाराष्ट्र के पुणे में इसकी कीमत ₹113.77 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह बढ़ोतरी सिर्फ प्रीमियम ईंधन पर लागू हुई है।

तेल डीलरों के अनुसार, HPCL के ‘पावर पेट्रोल’ और IOCL के ‘XP95’ जैसे ब्रांडेड ईंधनों की कीमतों में इजाफा किया गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और माइलेज के लिए किया जाता है, इसलिए इसकी कीमतों में बदलाव सीधे प्रीमियम सेगमेंट के उपभोक्ताओं को प्रभावित करेगा।

वैश्विक स्तर पर ईरान में जारी संघर्ष के चलते कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। हालांकि हाल ही में कुछ गिरावट देखने को मिली है, लेकिन कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड में इस सप्ताह करीब 5% की बढ़त दर्ज की गई है। खाड़ी देशों में तेल और गैस सुविधाओं पर हमलों के कारण उत्पादन में कटौती का असर भी कीमतों पर पड़ा है।

देश के अलग-अलग राज्यों में नॉर्मल पेट्रोल की कीमतों में अंतर बना हुआ है। दिल्ली में ₹94.77, उत्तर प्रदेश में ₹94.53, महाराष्ट्र में ₹104.64 और राजस्थान में ₹104.36 प्रति लीटर की दर से पेट्रोल बिक रहा है।