
स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी स्थित एक होटल के सभागार में देवभूमि जन कल्याण समिति द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की गई और यदि समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।


समिति ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा गरीब लोगों के लिए कठोर नियम बनाए जाते हैं, जबकि ऊंचे रसूख वाले व्यक्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।

इसके अलावा, गर्ग डिस्पेंसरी और सेंट मैरी अस्पताल में पेयजल समस्या को लेकर भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। समिति ने कहा कि पानी की खराब आपूर्ति और दूषित पानी के कारण लोग बीमारियों का सामना कर रहे हैं।

देवभूमि जन कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रकाश राणा ने कहा कि नगर पालिका ने वेंडरों को माल रोड से हटा कर सड़कों पर बिठा दिया, जहां उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। साथ ही, वहां से हटाने की भी तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से पेयजल योजना लाई गई थी, लेकिन दूषित पानी के कारण योजना पूरी तरह से विफल साबित हो रही है और लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
समिति ने नगर प्रशासन और शासन से मांग की कि मसूरी की इन समस्याओं का तुरंत और ठोस समाधान किया जाए।

प्रकाश राणा ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो समिति शहर में उग्र आंदोलन करेगी और अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर जाएगी।
अंत में समिति ने नागरिकों से अपील की कि वे भी शहर की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें और सामूहिक प्रयास से मसूरी की स्थिति में सुधार लाने में मदद करें।

