
स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुनि की रेती स्थित शीशम झाड़ी में रवि शंकर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस दौरान दोनों के बीच सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच और शांति के संदेश को आगे बढ़ाना रहा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रवि शंकर का मार्गदर्शन समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उनके विचारों से लोगों में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।


उन्होंने बताया कि पद्म विभूषण से सम्मानित श्री श्री रवि शंकर की संस्था आर्ट ऑफ लिविंग विश्व भर में शांति, योग और मानवीय मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था के माध्यम से समाज में भाईचारे, सद्भाव और मानसिक शांति को बढ़ावा मिल रहा है, जो वर्तमान समय की एक बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड जैसे आध्यात्मिक प्रदेश के लिए ऐसे प्रयास बेहद प्रेरणादायक हैं। इससे राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान और मजबूत होती है।

इस मुलाकात के दौरान दोनों ने भविष्य में सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया।

अंत में मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और लोगों के जीवन में शांति एवं संतुलन स्थापित होगा।

