
स्थान : लक्सर
ब्यरो रिपोर्ट

चैत्र नवरात्रि की विधिवत शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन लक्सर के मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।


सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भक्त माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

इस बार नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी। पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार नवरात्रि का यह पर्व 19 मार्च सुबह 6:52 बजे से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलश स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त आज सुबह 6:52 बजे से 7:53 बजे तक रहा। इसके अलावा श्रद्धालु अभिजीत मुहूर्त में भी दोपहर 12:05 बजे से 12:53 बजे के बीच कलश स्थापना कर सकते हैं।

धार्मिक मान्यता है कि विधि-विधान से की गई पूजा से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से नवरात्रि का पर्व मना रहे हैं।

