
स्थान :- जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत पूरनपुर की जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। यामिनी ने 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-14 बालिका कबड्डी और खो-खो में भी विद्यालय की टीम ने बाजी मारी।

प्रतियोगिता का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, शिक्षा एवं खेल तथा ग्राम विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वीएमएस सनफ्लावर पब्लिक स्कूल महुआडाबरा के खेल मैदान में किया गया। उद्घाटन नगर पंचायत महुआडाबरा चेयरमैन प्रतिनिधि प्रीतम सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


प्रीतम सिंह ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया।


अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ का शुभारंभ बीईओ रजनीश कुमार पचौरी ने किया। ब्लॉक खेल समन्वयक केशव सिंह के अनुसार इस स्पर्धा में दक्ष चौहान ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका वर्ग में शालिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।


अंडर-14 बालक वर्ग की 60 मीटर फर्राटा दौड़ में गगनदीप सिंह प्रथम, अर्पित सिंह द्वितीय और इरशाद अली तृतीय स्थान पर रहे। 600 मीटर दौड़ में ललित कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि लंबी कूद में गगनदीप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बालिका वर्ग में नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा की अंजलि ने ऊंची कूद और गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीता। वहीं 1500 मीटर दौड़ में शालिनी और 3000 मीटर दौड़ में लक्ष्मी ने गोल्ड हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।



कबड्डी में अंडर-14 बालिका वर्ग में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा की टीम विजेता रही, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने नेहरू राइंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 खो-खो प्रतियोगिता का खिताब भी नेहरू राइंका महुआडाबरा ने अपने नाम किया।

समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के संयोजक प्रधानाचार्य बृजमोहन लाल और वीएमएस सनफ्लावर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक राजेश चौधरी ने किया।

