
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान लीग के आयोजन, खिलाड़ियों की भागीदारी और दर्शकों को स्टेडियम तक लाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई। यूपीएल का तीसरा सीजन 21 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर को फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगा।

यूपीएल के सभी मुकाबले देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस बार पुरुष वर्ग में सात और महिला वर्ग में चार टीमें मैदान में उतरेंगी। आयोजकों का कहना है कि लीग के तीसरे संस्करण को पिछले दोनों सीजन से अधिक व्यापक और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है।


यूपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरपर्सन सुनील जोशी ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।


सुनील जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के कई ऐसे खिलाड़ी भी इस सीजन में हिस्सा लेंगे जो आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बड़े स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है।


उन्होंने बताया कि आकाश मधवाल इस बार उत्तराखंड प्रीमियर लीग में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। वहीं महिला वर्ग में भारतीय क्रिकेट से जुड़ी प्रमुख महिला खिलाड़ियों के भी लीग में खेलने की तैयारी है।
इस सीजन में महिला वर्ग के लिए प्रेमा रावत, राघवी बिष्ट, नंदनी कश्यप और श्वेता वर्मा को आइकॉन खिलाड़ियों के रूप में घोषित किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे महिला क्रिकेट को भी राज्य में और मजबूत मंच मिलेगा।




पिछले सीजन में स्टेडियम में दर्शकों की संख्या को देखते हुए इस बार दर्शक सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए क्रिकेट मुकाबलों के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
आयोजकों का मानना है कि खेल के साथ स्थानीय संस्कृति को जोड़ने से अधिक संख्या में दर्शक स्टेडियम तक पहुंचेंगे। यूपीएल के तीसरे सीजन को खेल प्रतिभाओं के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी मंच देने के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है।

