
स्थान – खटीमा (ऊधम सिंह नगर )

ऊधम सिंह नगर के खटीमा कोतवाली में ईद के त्योहार के मद्देनजर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।


बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए अपने-अपने सुझाव पुलिस प्रशासन के सामने रखे। सभी ने मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर सहमति जताई।


खटीमा के कोतवाल विजेंद्र शाह ने इस अवसर पर लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
बैठक में नगर की आवश्यक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। बिजली और पानी की व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा नगर में आवारा पशुओं के घूमने पर रोक लगाने के सुझाव भी सामने आए, जिससे यातायात और आम जनजीवन प्रभावित न हो।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ईद के दौरान क्षेत्र में पूरी तरह सतर्कता बरती जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

