बहादराबाद में अस्पताल कर्मचारियों का प्रदर्शन, भीम आर्मी नेता के होटल के बाहर नारेबाजी

बहादराबाद में अस्पताल कर्मचारियों का प्रदर्शन, भीम आर्मी नेता के होटल के बाहर नारेबाजी

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार के बहादराबाद स्थित जय मैक्सवेल अस्पताल में लगातार हो रहे हंगामे और प्रदर्शनों से परेशान अस्पताल कर्मचारियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। कर्मचारियों ने भीम आर्मी के स्थानीय नेता तेज प्रताप सैनी के होटल के बाहर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और भीम आर्मी के खिलाफ नारेबाजी की।

अस्पताल कर्मचारियों का आरोप है कि बीते दिन अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में हंगामा और प्रदर्शन किया था। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह के लगातार विरोध प्रदर्शनों से अस्पताल की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि इससे मरीजों के इलाज और अस्पताल के सामान्य कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

इसी से नाराज होकर रविवार को अस्पताल के कर्मचारी एकत्रित हुए और तेज प्रताप सैनी के होटल के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल में हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और अधिक तनावपूर्ण हो गया जब तेज प्रताप सैनी और उनके समर्थकों पर अस्पताल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और हाथापाई का प्रयास करने का आरोप लगा। इससे मौके पर स्थिति कुछ देर के लिए बिगड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को होने से रोका।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और स्थिति नियंत्रण में रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।