
स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में Uttarakhand Kranti Dal (यूकेडी) के महिला प्रकोष्ठ द्वारा सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।


सरस्वती विहार निगम रोड, सेलाकुई में आयोजित कार्यक्रम में रुक्मणी सजवाण की अगुवाई में 200 से अधिक महिलाओं ने यूकेडी की सदस्यता ली। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने महिलाओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए राजनीति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में यूकेडी के फायर ब्रांड नेता Ashutosh Negi भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने पर जोर दिया।


आशुतोष नेगी ने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी रणनीति के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों की नीतियों के कारण उत्तराखंड के मूल मुद्दे पीछे छूट गए हैं।

नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की मूल भावना पहाड़ और मैदान की एकता में निहित है। उन्होंने कहा, “पहाड़ एक मंदिर है और मैदान उसका आंगन है, ऐसे में हम आंगन का विरोध कैसे कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि यूकेडी हमेशा पूरे प्रदेश के समग्र विकास की बात करता रहा है और इसी सोच के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है। उनका कहना था कि क्षेत्रीय दल ही उत्तराखंड के वास्तविक मुद्दों को बेहतर तरीके से उठा सकते हैं।

कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। सभी ने मिलकर संगठन को मजबूत करने और प्रदेश के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

