
स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। नए आदेश के तहत अब गैस एजेंसियों से सीधे घरेलू गैस सिलेंडर वितरण पर रोक लगा दी गई है, ताकि एजेंसियों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था को रोका जा सके।

जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में गैस गोदामों में पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग, डीएससी और ओटीपी जनरेशन प्रक्रिया में अधिक फोन कॉल आने के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।


प्रशासन के अनुसार बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर अपने परिवार और वाहनों के साथ पहुंच रहे हैं, जिससे एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ रही है और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। आदेश के मुताबिक जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं।

बुकिंग होने के बाद संबंधित गैस एजेंसियों की जिम्मेदारी होगी कि वे उपभोक्ताओं को घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को एजेंसियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद यह आदेश जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति समय पर और व्यवस्थित तरीके से की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से गैस एजेंसियों पर भीड़ कम होगी और गैस वितरण प्रणाली अधिक सुचारु तरीके से संचालित हो सकेगी।

