
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोरगलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआँ के पर्यवेक्षण में की गई। थाना चोरगलिया के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से 110 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सोनू सिंह (26 वर्ष) पुत्र सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फरीदाबाद, हरियाणा का रहने वाला है और वर्तमान में पूर्वी यूक्रोली, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी से बरामद शराब अवैध रूप से बेचे जाने के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 14/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

