
स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार में अवैध खनन से जुड़े एक वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने झबरेड़ा थाने के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो में अवैध खनन से जुड़े कथित लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बात सामने आई थी। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई।


एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में कुछ पुलिस कर्मियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। इसी के आधार पर पूरी चौकी के स्टाफ के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की गई है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में किसी की भी भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की विस्तृत जांच के लिए एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि अवैध खनन में किन-किन लोगों की संलिप्तता रही है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।

